चम्पावत:भगवान शिव के भक्तों का इंतजार आखिरकार खत्म हुआ और कैलाश मानसरोवर यात्रा का पहला जत्था शनिवार को टनकपुर पहुंच गया। जैसे ही 51 श्रद्धालुओं का दल पर्यटक आवास गृह पहुंचा, पूरा परिसर “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से गूंज उठा।
श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए स्थानीय लोगों और प्रशासन ने विशेष तैयारियां की थीं। छोलिया नृत्य, पुष्पवर्षा और फूल-मालाओं के साथ देवभूमि उत्तराखंड की अतिथि देवो भवः परंपरा का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। शाम को यात्रियों के सम्मान में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें उत्तराखंड की लोक संस्कृति की झलक प्रस्तुत की जाएगी।
पहले दल में देश के 13 राज्यों से आए श्रद्धालु शामिल हैं। इनमें 36 पुरुष और 15 महिलाएं हैं। सबसे खास बात यह रही कि राजस्थान के 68 वर्षीय पुरुषोत्तम खंडेलवाल सबसे वरिष्ठ यात्री हैं, जबकि गुजरात के 21 वर्षीय हरिकृष्णा सबसे युवा श्रद्धालु के रूप में यात्रा में शामिल हुए हैं।
केएमवीएन के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर ने बताया कि यात्रियों की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए तमिलनाडु के डॉ. अरुण कुमार चिकित्सक के रूप में दल के साथ मौजूद हैं।
रविवार सुबह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विधिवत पूजा-अर्चना के बाद पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर कैलाश मानसरोवर के लिए रवाना करेंगे। लगातार दूसरे वर्ष टनकपुर मार्ग से संचालित हो रही यह यात्रा सीमांत क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा प्रदान कर रही है।
