उत्तराखंड में शहरी विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मंगलवार को राजपुर रोड स्थित वन मुख्यालय में प्रदेश के सभी नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों की विकास योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में विभिन्न निकायों में चल रहे विकास कार्यों, स्वच्छता व्यवस्था, राजस्व बढ़ोतरी और आधारभूत सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि राज्य सरकार शहरी निकायों के विकास और जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए।
बैठक के दौरान मंत्री ने बताया कि प्रदेश में स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए 500 नए कूड़ा संग्रहण वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा 63 सफाई निरीक्षकों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए हैं, जिससे सफाई व्यवस्था की निगरानी और संचालन में सुधार आएगा।
उन्होंने निकायों को अपने राजस्व संसाधन बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही डंपिंग जोन विकसित करने, आवारा पशुओं के लिए शेल्टर होम स्थापित करने तथा सड़क, पेयजल, विद्युत और गैस पाइपलाइन जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा।
बैठक में विभिन्न नगर निकायों के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने अपने क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं और विकास योजनाओं की जानकारी साझा की। इस दौरान शहरी क्षेत्रों में बढ़ती आबादी के अनुरूप सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता प्रबंधन और आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने पर भी चर्चा हुई।
देहरादून नगर निगम के मेयर सौरभ थपलियाल ने कहा कि निकायों को मजबूत बनाने और विकास कार्यों को गति देने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि समीक्षा बैठक में लिए गए निर्णयों से शहरी क्षेत्रों के विकास को नई दिशा मिलेगी।
सरकार का उद्देश्य प्रदेश के सभी नगर निकायों में बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना, स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से शहरी विकास को नई गति देना है।
