जसपुर में कांग्रेस विधायक आदेश सिंह चौहान ने प्रेस वार्ता कर पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता पर अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधते हुए फर्जी शस्त्र लाइसेंस प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि हाल ही में उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से जारी कथित फर्जी शस्त्र लाइसेंसों के मामले में जसपुर क्षेत्र के दो लोगों पर कार्रवाई हुई है, जिससे कई सवाल खड़े हो गए हैं।
विधायक चौहान ने दावा किया कि कार्रवाई की जद में आए दोनों व्यक्ति एक वायरल वीडियो में पूर्व विधायक और भाजपा नेता के साथ दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में यह आवश्यक है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए। उन्होंने कहा कि अवैध शस्त्र लाइसेंसों का नेटवर्क कितना बड़ा है और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका है, इसकी भी जांच होनी चाहिए।
इस दौरान उन्होंने जसपुर नगर पालिका की चार एकड़ भूमि से जुड़े मामले को भी उठाया। उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय द्वारा नगर पालिका के पक्ष में फैसला दिए जाने के बावजूद वर्षों तक भूमि को खतौनी में दर्ज नहीं किया गया। विधायक ने आरोप लगाया कि प्रशासनिक लापरवाही के कारण सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश हुई।
उन्होंने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि सरकारी और पालिका की भूमि को सुरक्षित रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने कहा कि जनता के हितों से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
