रामनगर: कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की झिरना रेंज में वन विभाग की मुस्तैदी एक बार फिर देखने को मिली। नियमित गश्त के दौरान वनकर्मियों ने एक नन्हे हाथी के शावक को जंगल में अकेले घूमते हुए देखा।
प्राथमिक जांच में पता चला कि शावक अपने झुंड से बिछड़ गया है। इसके बाद वन विभाग ने पूरे क्षेत्र में हाथियों के झुंड की तलाश शुरू की और शावक को उसकी मां से मिलाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने बताया कि शावक की उम्र तीन से चार महीने के बीच है। उसके शरीर पर हल्की चोटें हैं, इसलिए उसे चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
वन विभाग के अनुसार शावक को फिलहाल क्वारंटीन सुविधा में रखा गया है, जहां उसके खान-पान और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। विशेषज्ञ नियमित रूप से उसकी जांच कर रहे हैं।
वन विभाग का कहना है कि आसपास के जंगलों में हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। यदि उचित अवसर मिला तो शावक को उसके प्राकृतिक झुंड से मिलाने का प्रयास दोबारा किया जाएगा।
