रुड़की में दिनदहाड़े फायरिंग, गोली लगने से युवक घायल; इंस्टाग्राम विवाद से जुड़ रहे तार………

हरिद्वार जिले के रुड़की में फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया। कोतवाली रुड़की क्षेत्र के दिल्ली रोड स्थित डबल फाटक रेलवे पुल के पास बाइक सवार युवकों द्वारा की गई कथित फायरिंग में एक युवक गोली लगने से घायल हो गया। घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहम्मदपुर गांव निवासी प्रियांशु अपने साथियों के साथ किसी काम से गांव से बाहर गया हुआ था। बताया जा रहा है कि जब वे मोहनपुरा एंट्री गेट के पास एक मेडिकल स्टोर के निकट पहुंचे, तभी बाइक पर सवार तीन युवकों ने उन पर फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और प्रियांशु गोली लगने से घायल हो गया।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को रुड़की के सरकारी अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस के अनुसार घायल युवक की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

प्रारंभिक जांच में फायरिंग की घटना के पीछे युवकों के बीच पुराना विवाद सामने आ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार इंस्टाग्राम पर किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था, जिसके चलते यह घटना हुई हो सकती है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

घायल युवक के परिजनों का कहना है कि उन्हें किसी प्रकार के विवाद की जानकारी नहीं थी। घटना के बाद परिवार के सदस्य अस्पताल पहुंचे और पुलिस को तहरीर देने की तैयारी कर रहे हैं।

इस मामले में एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ अन्य साक्ष्य भी जुटा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *