रुड़की के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के टिकोला गांव से मारपीट और बर्बरता का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां कुछ युवकों को बंधक बनाकर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
वायरल वीडियो में कुछ युवक जमीन पर बैठे नजर आ रहे हैं, जो हाथ जोड़कर अपनी जान की भीख मांग रहे हैं। इसके बावजूद हमलावर उन पर लगातार लाठियां, थप्पड़ और चप्पल बरसाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में घायल युवकों के सिर और कपड़ों पर खून के निशान साफ दिखाई दे रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है। बताया जा रहा है कि एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच युवक-युवती के संबंधों को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद कुछ लोगों ने युवकों को बंधक बनाकर बंद कमरे में उनकी जमकर पिटाई कर दी।
मामले को लेकर मंगलौर के सीओ अभिनय चौधरी ने बताया कि पुलिस वायरल वीडियो की जांच कर रही है। हमलावरों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि कानून को हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। वहीं सोशल मीडिया पर लोग इस बर्बरता को लेकर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
