रुड़की: हरिद्वार जिले की लक्सर तहसील के सुल्तानपुर क्षेत्र में स्थित मस्जिद की अवैध मीनारों को हटाने की प्रक्रिया जारी है। प्रशासनिक निर्देशों के बाद मस्जिद कमेटी द्वारा स्वयं मीनारों को तोड़ा जा रहा है। शनिवार को भी कार्रवाई जारी रहने की तस्वीरें सामने आईं।
लक्सर एसडीएम अनिल शुक्ला ने बताया कि मस्जिद कमेटी के सहयोग से अवैध निर्माण को हटाया जा रहा है। बड़ी मीनार को हटाने के लिए तकनीकी विशेषज्ञों की टीम को लगाया गया है ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना से बचते हुए कार्य पूरा किया जा सके।
जानकारी के अनुसार मस्जिद में निर्मित एक मीनार को निर्धारित नियमों और मानकों की अनदेखी करते हुए अत्यधिक ऊंचाई तक बनाया गया था। प्रशासन ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए पिछले वर्ष निर्माण को सील कर दिया था।
अब प्रशासन और मस्जिद कमेटी के बीच समन्वय के बाद अवैध हिस्सों को हटाने का कार्य किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरी कार्रवाई पूर्ण कर ली जाएगी।
