ऋषिकेश सड़क हादसे में दो की मौत: डंपर ने डिवाइडर तोड़ झोपड़ी को मारी टक्कर, इलाके में मचा हड़कंप

ऋषिकेश के ब्रह्मानंद मोड़ के पास शुक्रवार सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई। हादसा उस समय हुआ जब एक ट्रक-डंपर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे कंक्रीट डिवाइडरों को तोड़ता हुआ दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद दो भारी डिवाइडर उछलकर पास की झोपड़ी पर जा गिरे। झोपड़ी में मौजूद महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं ट्रक चालक ने भी दम तोड़ दिया।

मृत चालक की पहचान फारुख निवासी बहादरपुर, लक्सर के रूप में हुई है। वहीं महिला की पहचान कौशल्या पत्नी सुरेश निवासी बावाड़ी, शिवपुरी के तौर पर की गई है।

घटना की सूचना मिलते ही SDRF और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। राहत-बचाव अभियान चलाकर मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन के अनियंत्रित होने से यह हादसा हुआ। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *