देहरादून में भाजपा की बड़ी बैठक, 2027 चुनाव के लिए संगठन को मजबूत करने पर जोर

देहरादून स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित कोर कमेटी बैठक में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की गई। उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखने के निर्देश दिए।

बैठक में चुनावी रणनीति, संगठन विस्तार और सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने पर विशेष मंथन हुआ। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में अधिक समय बिताकर जनता से सीधा संवाद स्थापित करना चाहिए।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से जमीनी स्तर पर सक्रिय रहते हुए भाजपा की नीतियों और विकास कार्यों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने संगठनात्मक एकता और अनुशासन को पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बताया।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं और जनता के सहयोग से उत्तराखंड में जीत की हैट्रिक लगाने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य की जनता एक बार फिर भाजपा पर भरोसा जताएगी।

बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भी हिस्सा लिया। इस दौरान आगामी चुनावों को लेकर संगठनात्मक गतिविधियों को और तेज करने का निर्णय लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *