उत्तराखंड दौरे पर आएंगे राहुल गांधी, अल्मोड़ा जनसभा और पौड़ी सम्मेलन में करेंगे शिरकत

उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ा दी है। इसी कड़ी में कांग्रेस नेता राहुल गांधी 4 जून को उत्तराखंड दौरे पर पहुंचेंगे। उनके दौरे को लेकर पार्टी संगठन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने जानकारी देते हुए बताया कि राहुल गांधी अल्मोड़ा में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे पौड़ी में आयोजित पूर्व सैनिक सम्मेलन में शामिल होकर पूर्व सैनिकों और स्थानीय लोगों से संवाद करेंगे।

उन्होंने बताया कि राहुल गांधी का यह दौरा केवल जनसभा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि संगठनात्मक स्तर पर भी महत्वपूर्ण बैठकों का आयोजन किया जाएगा। 5 जून को राहुल गांधी प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे, जिसमें आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति और संगठन को मजबूत करने पर चर्चा होगी।

गणेश गोदियाल ने कहा कि राहुल गांधी के दौरे से कार्यकर्ताओं में ऊर्जा और उत्साह का संचार होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार मैदान में सक्रिय है और आगामी चुनाव में मजबूती के साथ उतरने की तैयारी कर रही है।

प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा पार्टी के लिए राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण साबित होगा और इससे संगठन को नई दिशा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *