हरिद्वार: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के उत्तराखंड दौरे को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। प्रेस क्लब हरिद्वार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने शिक्षा, कानून व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगा।
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने कहा कि नीट पेपर लीक और सीबीएसई से जुड़े मामलों ने देशभर के छात्रों और अभिभावकों को चिंता में डाल दिया है, लेकिन भाजपा नेतृत्व इन गंभीर मुद्दों पर चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों को गंभीरता से नहीं ले रही है।
आलोक शर्मा ने कहा कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन जब उत्तराखंड पहुंचे हैं, तो उन्हें अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच की प्रगति और अब तक हुई कार्रवाई पर भी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता इस मामले में पारदर्शिता और न्याय की उम्मीद कर रही है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राज्य में लगातार बढ़ रहे जनसरोकार के मुद्दों पर भाजपा सरकार जवाब देने से बच रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल राजनीतिक कार्यक्रमों और प्रचार तक सीमित होकर रह गई है, जबकि आम जनता बुनियादी समस्याओं से जूझ रही है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि युवाओं, महिलाओं और छात्रों से जुड़े मामलों में सरकार की जवाबदेही तय होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जनता के सवालों का जवाब नहीं मिला, तो कांग्रेस सड़क से सदन तक आंदोलन तेज करेगी।
