मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में काउंसिल ऑन एनर्जी, इन्वायरमेन्ट एण्ड वॉटर द्वारा तैयार की गई सौर जागरूकता स्मारिका पुस्तिका का विमोचन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह पहल उत्तराखंड को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर और पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
सीएम धामी ने कहा कि आज पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन और ऊर्जा संकट जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे समय में सौर ऊर्जा का महत्व लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ ऊर्जा को अपनाकर ही आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और बेहतर भविष्य सुनिश्चित किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित पीएम सूर्य घर योजना के तहत उत्तराखंड ने उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा निर्धारित 40 हजार रूफटॉप सोलर संयंत्रों का लक्ष्य तय समय से पहले पूरा कर लिया गया है, जबकि कुल निर्धारित कार्य का लगभग 95 प्रतिशत हिस्सा पूर्ण किया जा चुका है।
सीएम धामी ने कहा कि पीएम सूर्य घर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के चलते उत्तराखंड देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ लोगों को सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराई जा सके।
कार्यक्रम के दौरान सौर ऊर्जा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जनसहभागिता को मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
