मसूरी-देहरादून मार्ग पर गुरुवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में पानी के टैंकर चालक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार गज्जी बैंड के पास टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर लगभग 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल चालक को खाई से निकालकर उप जिला चिकित्सालय मसूरी ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान अक्षय असवाल (25) निवासी मसूरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय वह मसूरी झील से पानी भरकर वापस लौट रहा था। शुरुआती जांच में वाहन से नियंत्रण खोना हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। स्थानीय लोगों ने पहाड़ी मार्गों पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है।
