पर्यटन नगरी मसूरी को जल्द ही आधुनिक परिवहन व्यवस्था की बड़ी सौगात मिलने जा रही है। उत्तराखंड मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (UMRC) की ओर से शहर में पांच नई रोपवे परियोजनाओं की योजना तैयार कर ली गई है। इन परियोजनाओं की डीपीआर पूरी हो चुकी है और अगले दो महीने के भीतर निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। इससे पर्यटकों को बेहतर सुविधा मिलने के साथ शहर में ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा।
हाल ही में सचिव आवास विकास डॉ. आर. राजेश कुमार ने अधिकारियों के साथ प्रस्तावित स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि करीब 11.7 किलोमीटर लंबी इस परियोजना का उद्देश्य मसूरी के प्रमुख पर्यटन स्थलों को आधुनिक रोपवे नेटवर्क से जोड़ना है। इसके लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी सुझाव लिए जाएंगे।
प्रस्तावित रोपवे परियोजनाओं में ईएसआई डिस्पेंसरी से जॉर्ज एवरेस्ट, ईएसआई डिस्पेंसरी से लाल टिब्बा, भनोट स्टेट से केंपटी फॉल, किंक्रेग मल्टीलेवल पार्किंग से चिक चॉकलेट माल रोड और हाइलैंड स्टेट से कंपनी गार्डन तक रोपवे शामिल हैं। इन परियोजनाओं से पर्यटकों का सफर पहले की तुलना में अधिक आसान और तेज होगा।
स्थानीय लोगों ने सरकार की इस पहल का स्वागत किया है। हालांकि उनका कहना है कि केवल रोपवे पर्याप्त नहीं होगा। यदि पार्किंग क्षमता बढ़ाने और सड़कों के चौड़ीकरण पर भी समान रूप से काम किया जाए, तो मसूरी की वर्षों पुरानी जाम की समस्या काफी हद तक समाप्त हो सकती है।
सरकार का मानना है कि रोपवे परियोजनाएं पर्यटन को नई गति देने के साथ-साथ पर्यावरण के अनुकूल परिवहन व्यवस्था को भी बढ़ावा देंगी। परियोजनाओं के पूरा होने के बाद मसूरी आने वाले पर्यटकों को बेहतर यात्रा अनुभव मिलने की उम्मीद है।
