हरिद्वार कांवड़ मेला 2026: व्यवस्थाओं को लेकर सरकार अलर्ट, सतपाल महाराज ने अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश

हरिद्वार: विश्व प्रसिद्ध कांवड़ मेला 2026 की तैयारियों को लेकर उत्तराखंड सरकार पूरी तरह सक्रिय हो गई है। मेले के सफल और सुरक्षित आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने हरिद्वार स्थित मेला नियंत्रण भवन में प्रशासनिक अधिकारियों और विभिन्न विभागों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की।

बैठक में परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, स्थानीय विधायक तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान 21 जुलाई से 11 अगस्त तक आयोजित होने वाले कांवड़ मेले की तैयारियों का विभागवार आकलन किया गया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि लाखों शिवभक्तों के आगमन को देखते हुए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय होना बेहद जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यातायात व्यवस्था को सुचारु रखा जाए और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न होने पाए।

समीक्षा बैठक में बिजली, पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय, स्वास्थ्य सेवाओं और आपातकालीन व्यवस्थाओं को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी कर ली जाएं और हर स्तर पर निगरानी बनाए रखी जाए।

प्रशासन का उद्देश्य इस वर्ष कांवड़ मेले को सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धालु-हितैषी बनाना है। इसके लिए सभी विभागों को तय समयसीमा के भीतर अपनी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *