रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की में पैकेज्ड खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता पर सवाल उठाने वाला मामला सामने आया है। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर चुंगी स्थित ग्रीन पार्क कॉलोनी में एक परिवार ने आरोप लगाया है कि बाजार से खरीदे गए रस्क के पैकेट में मृत छिपकली का बच्चा मिला। घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल बन गया।
परिवार के अनुसार, सुबह नाश्ते के दौरान जब रस्क का पैकेट खोला गया तो एक रस्क पर पहले फंगस जैसा निशान दिखाई दिया। ध्यान से देखने पर पता चला कि वह मृत छिपकली का बच्चा था। इसके बाद परिवार ने तुरंत रस्क खाना बंद कर दिया।
ग्राहक पैकेट लेकर संबंधित किराना दुकान पहुंचा और दुकानदार को पूरी जानकारी दी। दुकानदार ने सप्लायर से संपर्क किया, लेकिन कथित तौर पर सप्लायर मौके पर नहीं पहुंचा। इससे उपभोक्ता की नाराजगी और बढ़ गई।
पीड़ित का कहना है कि यदि बिना देखे यह रस्क खा लिया जाता तो किसी की भी तबीयत बिगड़ सकती थी। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और उत्पाद की गुणवत्ता की जांच की मांग की है।
फ़ूड इंस्पेक्टर योगेंद्र पांडे ने बताया कि लिखित शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
