रुड़की: मानसून के बीच हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। डौसनी गांव में शनिवार सुबह एक मगरमच्छ घर के अंदर पहुंच गया, जिससे परिवार के लोगों में दहशत फैल गई।
बताया जा रहा है कि गांव निवासी मदनपाल के घर में मगरमच्छ घुस आया था। घर के अंदर उसे देखकर परिजनों ने तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई और वन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही लक्सर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने पूरी सावधानी बरतते हुए मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया। अभियान के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई।
वन विभाग ने रेस्क्यू के बाद मगरमच्छ को उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया। अधिकारियों का कहना है कि बारिश के मौसम में जलस्तर बढ़ने के कारण मगरमच्छ अक्सर आबादी वाले इलाकों की ओर आ जाते हैं।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि ऐसे मामलों में खुद जोखिम उठाने के बजाय तत्काल विभाग से संपर्क करें, ताकि सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके।
