भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के उत्तराखंड दौरे का तीसरा दिन, संगठन और जनसंवाद पर रहा फोकस

देहरादून: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने उत्तराखंड प्रवास के तीसरे दिन कई अहम संगठनात्मक और जनसंपर्क कार्यक्रमों में भाग लिया। उनके दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दिन की शुरुआत देहरादून स्थित टपकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना के साथ की। इसके बाद उन्होंने एक बूथ अध्यक्ष के घर पहुंचकर नाश्ता किया और कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संवाद स्थापित किया।

इसके उपरांत नितिन नवीन गढ़ी कैंट, देहरादून में आयोजित बूथ समिति बैठक में शामिल हुए। बैठक के दौरान उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को आगामी कार्यक्रमों एवं जनसंपर्क अभियानों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पार्टी की असली ताकत बूथ स्तर के कार्यकर्ता हैं और संगठन की मजबूती का आधार भी वही हैं।

इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष शिमला बाईपास स्थित शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, शेरपुर में आयोजित प्रबुद्ध गोष्ठी में शामिल हुए। इस कार्यक्रम में उन्होंने शिक्षाविदों, बुद्धिजीवियों, उद्योग जगत और समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों से संवाद किया। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं पार्टी की नीतियों पर विस्तार से चर्चा की।

दोपहर बाद मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में उन्होंने युवाओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान युवाओं के विचार सुने गए और उन्हें देश निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।

भाजपा प्रदेश संगठन के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करने तथा युवाओं और प्रबुद्ध वर्ग के साथ संवाद को मजबूत करने की दिशा में बेहद महत्वपूर्ण साबित हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *