कुर्बानी के अवशेष हटाने को लेकर गांव में बवाल, पुलिसकर्मी की नाक की हड्डी टूटी

हरिद्वार जिले के रुड़की क्षेत्र में ईद-उल-अज़हा के मौके पर उस समय तनाव फैल गया जब झबरेड़ा थाना क्षेत्र के कोटवाल आलमपुर गांव में कुर्बानी के अवशेष हटाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे और कई लोग घायल हो गए।

मामले की जानकारी मिलते ही लखनौता पुलिस चौकी से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मी हरेंद्र कुमार और होमगार्ड चुन्नीलाल ने दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन गुस्साए लोगों ने पुलिस पर ही हमला कर दिया। हमले में पुलिसकर्मी हरेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी नाक की हड्डी फ्रैक्चर हो गई।

घटना के दौरान गांव में भगदड़ और तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने घायलों को तुरंत रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया गया। प्राथमिक इलाज के बाद सभी घायलों को घर भेज दिया गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। झबरेड़ा पुलिस ने दोनों पक्षों के दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ईद जैसे पर्व पर हुई इस घटना से इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस प्रशासन लगातार गांव में निगरानी कर रहा है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *