चमोली जिले के थराली में आयोजित उत्तराखंड क्रांति दल की बैठक में राज्य के कई ज्वलंत मुद्दों को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला गया। पार्टी नेताओं ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता क्षेत्रीय दल को प्राथमिकता देगी और उत्तराखंड में राजनीतिक बदलाव का रास्ता प्रशस्त होगा।
रविवार को केदारबगड़ स्थित उक्रांद कार्यालय में आयोजित बैठक में केंद्रीय उपाध्यक्ष आशुतोष नेगी ने कहा कि उत्तराखंड के संसाधनों का लाभ सबसे पहले राज्यवासियों को मिलना चाहिए। उन्होंने गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की मांग दोहराते हुए कहा कि इससे पर्वतीय क्षेत्रों के विकास को नई दिशा मिलेगी।
महिला प्रकोष्ठ की केंद्रीय अध्यक्ष कर्नल संतोष भंडारी ने अंकिता भंडारी हत्याकांड का उल्लेख करते हुए कहा कि मामले से जुड़े कई सवाल आज भी अनुत्तरित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के मुद्दे पर सरकार का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा है।
बैठक में वक्ताओं ने बेरोजगारी, स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी, शिक्षा व्यवस्था और बढ़ते पलायन जैसे मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया। नेताओं ने कहा कि इन विषयों पर सरकार की नीतियां अपेक्षित परिणाम देने में सफल नहीं रही हैं।
पूर्व राज्य आंदोलनकारी भूपाल सिंह गुंसाई ने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्वास और आधारभूत ढांचे के पुनर्निर्माण की गति बेहद धीमी है। उन्होंने प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत और मुआवजा देने की मांग की।
बैठक के अंत में कार्यकर्ताओं ने संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान और 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया।
