देहरादून में घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए जरूरी खबर, 15 अगस्त तक कराएं ई-केवाईसी…..

देहरादून, घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी कराना अनिवार्य कर दिया गया है। जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे 15 अगस्त तक अपनी ई-केवाईसी जरूर पूरी करा लें, अन्यथा गैस आपूर्ति में परेशानी हो सकती है।

जिले में घरेलू गैस कनेक्शनों की संख्या 7 लाख 73 हजार से अधिक है। इनमें से करीब 6 लाख उपभोक्ता अपनी ई-केवाईसी पूरी करा चुके हैं, जबकि लगभग पौने दो लाख उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी अभी बाकी है।

जिला पूर्ति अधिकारी के मुताबिक, 15 अगस्त के बाद ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलेंडर मिलने में दिक्कत हो सकती है और गैस व्यावसायिक दरों पर उपलब्ध कराई जा सकती है। इससे उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ सकता है।

उपभोक्ता अपनी संबंधित गैस एजेंसी पर जाकर ई-केवाईसी करा सकते हैं। इसके अलावा गैस हॉकर को घर बुलाकर या संबंधित तेल कंपनी के आधिकारिक मोबाइल ऐप के माध्यम से भी ई-केवाईसी पूरी की जा सकती है।

जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने सभी घरेलू गैस उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अंतिम समय की परेशानी से बचने के लिए 15 अगस्त से पहले ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कर लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *