चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। देवाल क्षेत्र के ल्वाणी गांव के पास एक ईको वैन करीब 400-500 मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिससे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बाँक (लोहाजंग) निवासी एक परिवार अपने मृत परिजन के अंतिम संस्कार के लिए देहरादून से गांव लौट रहा था। इसी दौरान यह हादसा हो गया। वाहन में कुल छह लोग सवार थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और सीधे खाई में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।
मृतकों की पहचान बलबीर सिंह (52 वर्ष), शांति देवी (48 वर्ष) और आंशु बिष्ट (18 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं, तीन अन्य घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस, DDRF और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
यह हादसा पहाड़ी इलाकों में यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत को फिर से उजागर करता है।
