मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के लाभार्थियों को बड़ी राहत, 4.39 करोड़ रुपये DBT के जरिए खातों में भेजे गए

देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के तहत हजारों बच्चों को आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए 4 करोड़ 39 लाख रुपये से अधिक की राशि सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की है। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने मंगलवार को अपने कैंप कार्यालय से डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से तीन महीने की सहायता राशि जारी की।

रेखा आर्या ने बताया कि मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना की शुरुआत कोरोना महामारी के दौरान उन बच्चों के लिए की गई थी, जिन्होंने अपने माता-पिता या अभिभावकों को खो दिया था। राज्य सरकार ऐसे बच्चों को हर महीने 3,000 रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराती है, ताकि उनकी शिक्षा और दैनिक जरूरतों में किसी प्रकार की बाधा न आए।

उन्होंने जानकारी दी कि मार्च 2026 तक की सहायता राशि पहले ही जारी की जा चुकी थी। अब अप्रैल, मई और जून 2026 की राशि एक साथ जारी की गई है। अप्रैल माह में 4,917 लाभार्थियों को 1.47 करोड़ रुपये, मई में 4,879 लाभार्थियों को 1.46 करोड़ रुपये और जून में 4,848 लाभार्थियों को 1.45 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि दी गई।

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना का लाभ लाभार्थी के 21 वर्ष की आयु पूरी होने तक दिया जाता है। यदि किसी बालिका लाभार्थी का विवाह हो जाता है या कोई लाभार्थी रोजगार प्राप्त कर लेता है, तो वह योजना से बाहर हो जाता है।

राज्य सरकार का उद्देश्य ऐसे बच्चों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने में सहयोग देना है। सरकार का दावा है कि योजना लगातार पात्र बच्चों तक प्रभावी तरीके से पहुंचाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *