मसूरी क्षेत्र के सहस्त्रधारा-सरोना मोटर मार्ग को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के बाद यह मामला और अधिक चर्चा में आ गया है।
वीडियो में ग्रामीण सड़क की परत को हाथों से उखाड़ते नजर आए, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण पहली बार हुआ था, लेकिन शुरुआत से ही कार्य में अनियमितताएं दिखाई देने लगी थीं।
ग्रामीणों के बढ़ते विरोध के बाद पीएमजीएसवाई विभाग के अधिकारी निरीक्षण के लिए गांव पहुंचे। अधिकारियों ने मौके पर ग्रामीणों से बातचीत की और सड़क में सुधार कराने का आश्वासन दिया। हालांकि गांववासियों ने कहा कि उन्हें अब केवल आश्वासन नहीं बल्कि जमीनी स्तर पर कार्रवाई चाहिए।
ग्राम प्रधान ने बताया कि इस संबंध में कई बार विभागों को शिकायत पत्र भेजे गए थे, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि जब वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तभी प्रशासन और विभाग सक्रिय हुआ।
गांववासियों ने मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराई जाए और निर्माण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
