रामनगर क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां पाटकोट मार्ग पर बाइक और जिप्सी के बीच हुई जोरदार टक्कर में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, जस्सागांजा गांव के रहने वाले दर्शन, मोहित और भूपेंद्र बाइक से सीताबनी की ओर से रामनगर वापस आ रहे थे। इसी दौरान पाटकोट के पास उनकी बाइक सामने से आ रही एक जिप्सी से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और घायलों को रामनगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर हिमानी ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद दर्शन और मोहित की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भेज दिया गया है, जबकि भूपेंद्र का इलाज फिलहाल अस्पताल में जारी है।
सूत्रों के अनुसार, हादसे के समय बाइक सवार युवक नशे में थे, जो दुर्घटना का एक बड़ा कारण माना जा रहा है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। साथ ही, परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
यह घटना एक बार फिर यह साबित करती है कि लापरवाही और नशे में ड्राइविंग सड़क हादसों का प्रमुख कारण बनती जा रही है।
