नकल के आरोप से शुरू हुआ विवाद, देहरादून पॉलिटेक्निक में शिक्षकों और छात्र पक्ष के बीच टकराव

देहरादून: राजधानी के राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान, पिट्ठूवाला में परीक्षा के दौरान नकल को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प तक पहुंच गया। संस्थान प्रशासन ने एक छात्र के परिजनों पर नियंत्रण कक्ष में घुसकर शिक्षकों और कर्मचारियों से मारपीट करने का आरोप लगाया है।

बताया जा रहा है कि सिविल इंजीनियरिंग अंतिम वर्ष का एक छात्र परीक्षा के दौरान संदिग्ध गतिविधियों में पाया गया था। ड्यूटी पर तैनात शिक्षकों ने जब उसे रोका तो छात्र परीक्षा बीच में छोड़कर चला गया। इसके बाद छात्र अपने परिजनों के साथ संस्थान पहुंचा, जहां विवाद बढ़ गया।

संस्थान के कर्मचारियों का आरोप है कि छात्र के साथ आए लोगों ने नियंत्रण कक्ष में घुसकर हंगामा किया और स्टाफ के साथ दुर्व्यवहार किया। घटना के दौरान महिला कर्मचारियों के साथ भी अभद्रता किए जाने का आरोप लगाया गया है। वहीं घटना का वीडियो रिकॉर्ड करने वालों को भी कथित रूप से धमकाया गया।

दूसरी ओर छात्र के पिता और पुलिस विभाग में तैनात दरोगा महेश कंडवाल का कहना है कि उनके बेटे के साथ शिक्षकों ने मारपीट की थी। इसी मामले को लेकर वे संस्थान पहुंचे थे। उन्होंने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को गलत बताया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर ली है। अधिकारियों के अनुसार क्रॉस एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *