पिथौरागढ़: जनपद में कैलाश-मानसरोवर यात्रा, आदि कैलाश और ओम पर्वत यात्रा के सुचारु संचालन के साथ-साथ मानसून के दौरान संभावित आपदाओं से निपटने के लिए पिथौरागढ़ पुलिस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी डीडीहाट उमेश मलिक ने कोतवाली डीडीहाट और कोतवाली अस्कोट में पुलिस कर्मियों का सम्मेलन आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सम्मेलन के दौरान सीओ उमेश मलिक ने पुलिस कर्मियों से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं, सुझावों और आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुलिस कर्मियों की व्यावहारिक समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाए, जिससे वे पूरी क्षमता के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभा सकें।
उन्होंने कहा कि यात्रा सीजन के दौरान जिले में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंच रहे हैं। ऐसे में यात्रा मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, यातायात को सुचारु बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
सीओ ने मानसून के मद्देनजर भूस्खलन, सड़क बाधित होने और अन्य प्राकृतिक आपदाओं की संभावनाओं को देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने पर जोर दिया। उन्होंने पुलिस कर्मियों को राहत एवं बचाव एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर हर परिस्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए तैयार रहने के निर्देश भी दिए।
सम्मेलन के अंत में क्षेत्राधिकारी ने कहा कि यात्रियों और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी पुलिस कर्मियों से अनुशासन, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई ही पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
