देहरादून पुलिस की बड़ी सफलता, इंस्टाग्राम पोस्ट से खुला एक साल पुरानी ज्वेलरी चोरी का राज

देहरादून पुलिस ने एक साल से लंबित करोड़ों नहीं बल्कि लाखों रुपये के हीरे और सोने के आभूषण चोरी के मामले का खुलासा करते हुए घरेलू सहायिका को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी किए गए महंगे आभूषण भी बरामद कर लिए हैं। इस कार्रवाई को ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत अंजाम दिया गया।

शिकायतकर्ता नितिशा वत्स के अनुसार उनके घर से हीरे और सोने के आभूषण पिछले वर्ष गायब हो गए थे। काफी तलाश के बाद भी जब गहने नहीं मिले तो उन्हें लगा कि शायद वे कहीं सुरक्षित रखकर भूल गई हैं। इसलिए उन्होंने तत्काल चोरी की शिकायत दर्ज नहीं कराई।

मामले में नया मोड़ तब आया जब शिकायतकर्ता के परिचित ने इंस्टाग्राम पर एक महिला की तस्वीर दिखाई। फोटो में दिखाई दे रहा हीरे का हार उनके खोए हुए हार से पूरी तरह मेल खा रहा था। तस्वीर में मौजूद महिला उनकी पूर्व घरेलू सहायिका विमला निकली।

शिकायत मिलने के बाद राजपुर पुलिस ने जांच तेज की और मुखबिर की सूचना पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर चोरी के सभी प्रमुख आभूषण बरामद कर लिए गए।

पुलिस का कहना है कि आरोपी ने घर में काम करने के दौरान विश्वास का फायदा उठाकर चोरी की थी। सोशल मीडिया पर महंगे गहनों के साथ फोटो साझा करना उसके लिए सबसे बड़ी गलती साबित हुआ और यही तस्वीर पुलिस के लिए अहम सुराग बन गई।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *