देहरादून: उत्तराखंड में मानसून के प्रभाव को देखते हुए देहरादून जिला प्रशासन ने सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रखा है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि बारिश के मौसम में किसी भी तरह की आपदा से निपटने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन का फोकस सड़क संपर्क बनाए रखने, जलभराव रोकने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर है।
डीएम ने बताया कि मानसून को लेकर कई चरणों में समीक्षा बैठकें आयोजित की गई हैं। संवेदनशील और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों की पहचान कर वहां जेसीबी मशीनों सहित आवश्यक संसाधनों की पहले से तैनाती कर दी गई है। इससे सड़क बाधित होने या अन्य आपात स्थिति में तत्काल राहत कार्य शुरू किया जा सकेगा।
शहर में जलभराव की समस्या को कम करने के लिए नालों और ड्रेनेज सिस्टम की सफाई का काम युद्ध स्तर पर कराया गया है। प्रशासन के अनुसार, 169 नालों में से अधिकांश की सफाई पूरी हो चुकी है और जल निकासी में बाधा बनने वाले प्रमुख चोकिंग पॉइंट्स को भी साफ कराया गया है।
डीएम ने बताया कि प्रेमनगर क्षेत्र में नए पुल का निर्माण पूरा हो चुका है, जिसे जल्द ही यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। इसके अलावा हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी और स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के साथ समन्वय बनाकर लगातार काम किया जा रहा है।
