रेड अलर्ट के बीच चम्पावत प्रशासन की मुस्तैदी, खाई में गिरी कार से चार लोगों की बचाई जान

चम्पावत: उत्तराखंड में जारी रेड अलर्ट के बीच चम्पावत जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बड़ा हादसा टाल दिया। टनकपुर क्षेत्र में सड़क हादसे का शिकार हुई एक कार में फंसे चार लोगों को पुलिस, फायर सर्विस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय पर शुरू किए गए राहत एवं बचाव अभियान के चलते सभी लोगों की जान बचाई जा सकी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों और जिलाधिकारी मनीष कुमार के मार्गदर्शन में जिले का आपदा प्रबंधन तंत्र पूरी तरह सक्रिय है। जिला आपदा कंट्रोल रूम 24 घंटे निगरानी रख रहा है और किसी भी आपात सूचना पर संबंधित विभागों को तत्काल मौके पर भेजा जा रहा है।

प्रशासन के अनुसार, देर रात डायल-112 पर सूचना मिली कि कोतवाली टनकपुर क्षेत्र के छोटी पुलिया (बस्तिया के पास) एक कार अनियंत्रित होकर करीब 5 से 10 फीट गहरी खाई में गिर गई है। वाहन में चार लोग सवार थे, जिनके फंसे होने की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीमों को रवाना किया गया।

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस, फायर सर्विस, एसडीआरएफ और 108 एम्बुलेंस की टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें प्राथमिक उपचार और आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि रेड अलर्ट के दौरान पूरे जिले में आपदा प्रबंधन व्यवस्था पूरी तरह सतर्क है। किसी भी आपात स्थिति में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ तुरंत राहत एवं बचाव कार्य कर रहे हैं। लोगों से भी खराब मौसम में सावधानी बरतने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *