रिपोर्टर: आसिफ इक़बाल
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में वन कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। सर्पदुली रेंज में गश्त के दौरान एक दैनिक श्रमिक पर बाघ ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल कर्मचारी की पहचान ग्राम सुंदरखाल निवासी 32 वर्षीय पीतांबर के रूप में हुई है। वह अपने तीन सहयोगियों के साथ जंगल में नियमित पेट्रोलिंग कर रहे थे। इसी दौरान अचानक बाघ ने उन पर हमला कर दिया।
हमले के तुरंत बाद अन्य कर्मचारियों ने जोखिम उठाकर पीतांबर को बचाया और अस्पताल पहुंचाया। रामनगर के सरकारी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें हायर सेंटर भेज दिया।
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक राहुल मिश्रा ने अस्पताल पहुंचकर घायल कर्मचारी का हालचाल जाना। उन्होंने बताया कि विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है और भविष्य में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
फिलहाल डॉक्टरों के मुताबिक पीतांबर की हालत खतरे से बाहर है। उनके गले और शरीर पर बाघ के पंजों से गंभीर घाव आए हैं, जिनका इलाज जारी है।
