उत्तराखंड सरकार वर्ष 2036 में भारत को ओलंपिक खेलों की मेजबानी दिलाने के उद्देश्य से एक विशेष जनजागरण अभियान शुरू करने जा रही है। इसी कड़ी में 10 अगस्त को हरिद्वार की हर की पैड़ी से ऋषिकेश स्थित वीरभद्र महादेव मंदिर तक ‘2036 ओलंपिक संकल्प कांवड़ यात्रा’ निकाली जाएगी।
यात्रा से पहले कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने हरिद्वार पहुंचकर संत समाज से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि जब आस्था, राष्ट्रहित और खेल संस्कृति का संगम होता है, तो वह जनआंदोलन का रूप ले लेता है।
रेखा आर्या ने कहा कि उत्तराखंड की इस पहल का उद्देश्य देशभर के युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना और भारत के 2036 ओलंपिक मेजबानी अभियान को जनसमर्थन दिलाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि भगवान भोलेनाथ की कृपा और संतों के आशीर्वाद से भारत का यह सपना अवश्य साकार होगा।
इस अवसर पर संत समाज ने भी भारत को ओलंपिक मेजबानी मिलने की कामना करते हुए अभियान की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि राष्ट्रहित में लिया गया संकल्प निश्चित रूप से पूर्ण होता है।
