क्या नहाने के तुरंत बाद गीले बाल बांध लेना आपकी आदत है? अगर हां, तो अब सावधान हो जाइए। यह आम सी लगने वाली आदत आपके स्कैल्प और सेहत पर गंभीर असर डाल सकती है।
आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में समय बचाने के लिए कई लोग गीले बालों को ही बांध लेते हैं या जूड़ा बना लेते हैं। लेकिन एक्सपर्ट्स के अनुसार, यह आदत लंबे समय में कई समस्याओं की वजह बन सकती है।
क्यों खतरनाक है गीले बाल बांधना?
जब आप गीले बाल बांध लेते हैं, तो स्कैल्प तक हवा नहीं पहुंच पाती। इससे बालों की जड़ों में नमी फंस जाती है।
नमी और गर्माहट का यह कॉम्बिनेशन फंगस और बैक्टीरिया के पनपने के लिए आदर्श माहौल बनाता है। इसी कारण स्कैल्प इंफेक्शन का खतरा बढ़ जाता है।
गीले बाल बांधने के नुकसान
1. सिरदर्द और भारीपन
गीले बालों को लंबे समय तक बांधकर रखने से सिर की नसों पर दबाव पड़ता है। इससे कई लोगों को सिरदर्द, भारीपन और यहां तक कि माइग्रेन जैसी समस्या महसूस हो सकती है।
2. खुजली और डैंड्रफ
गीले स्कैल्प पर Malassezia नाम का फंगस तेजी से बढ़ता है। इससे खुजली, जलन और डैंड्रफ की समस्या हो सकती है।
3. बालों का झड़ना
गीले बाल जड़ों से कमजोर होते हैं। ऐसे में उन्हें कसकर बांधने से बाल टूटने लगते हैं और हेयर फॉल बढ़ सकता है।
इसके अलावा, बंद नमी के कारण बालों में बदबू भी आने लगती है, जो बार-बार धोने के बाद भी आसानी से नहीं जाती।
बचाव के आसान टिप्स
बालों को प्राकृतिक रूप से सुखाएं
बालों को खुला छोड़ें ताकि वे हवा में धीरे-धीरे सूख सकें।
तौलिए का सही इस्तेमाल करें
बालों को रगड़ने के बजाय हल्के हाथ से थपथपाकर सुखाएं।
सही कंघी चुनें
गीले बालों में कंघी करने से बचें। जरूरत पड़े तो मोटे दांतों वाली कंघी का इस्तेमाल करें।
गीले बालों के साथ न सोएं
गीले बालों के साथ सोने से स्कैल्प पर फंगस और बैक्टीरिया पनप सकते हैं।
