भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के उत्तराखंड दौरे के दूसरे दिन देहरादून में विधायकों और सांसदों के साथ अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 2027 विधानसभा चुनावों को लेकर पार्टी की रणनीति और संगठनात्मक मजबूती पर विशेष चर्चा की गई।
नितिन नवीन ने पार्टी जनप्रतिनिधियों को चुनावी तैयारियों में अभी से जुटने और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने को कहा। उन्होंने सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रत्येक विधायक और सांसद को अपने क्षेत्र से 100 बुद्धिजीवियों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं। वहीं पिछली बार हारी गई सीटों पर विशेष फोकस करते हुए सांसदों को वहां अधिक सक्रिय रहने के लिए कहा गया है।
बैठक में बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर भी मंथन हुआ। नेताओं को गांवों में प्रवास कर लोगों की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए तत्पर रहने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही भाजपा सरकार के पिछले 10 वर्षों के विकास कार्यों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। इसके लिए विकास कार्यों की बुकलेट तैयार कर घर-घर पहुंचाने की योजना बनाई गई है।
