ईद-उल-अज़हा पर बेहतर कानून व्यवस्था के लिए जसपुर पुलिस का सम्मान, समाज ने जताया आभार

जसपुर: ईद-उल-अज़हा पर्व के दौरान जसपुर नगर में शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाने वाली जसपुर पुलिस टीम को छीपी बिरादरी समाज द्वारा सम्मानित किया गया। समाज के लोगों ने पुलिस की तत्परता और जनसेवा की भावना की सराहना करते हुए कोतवाली परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया।

छीपी बिरादरी समाज के सदर नफीस अहमद सिद्दीकी के नेतृत्व में पहुंचे समाज के गणमान्य नागरिकों ने कोतवाल राजेश पांडे, एसएसआई भूपाली राम पौरी, एसआई हरीश चंद्र आर्या, ललित डिंगरी एवं अन्य पुलिसकर्मियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस दौरान उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया तथा मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दी गईं।

समारोह के दौरान समाज के लोगों ने कहा कि त्योहारों के दौरान पुलिस की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। ऐसे समय में जसपुर पुलिस ने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई, जिसके कारण नगर में ईद का पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

मीडिया से बातचीत में छीपी वेलफेयर सोसाइटी के सदर नफीस अहमद सिद्दीकी ने कहा कि उत्तराखंड पुलिस जनता और प्रशासन के बीच एक मजबूत कड़ी के रूप में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जो पुलिसकर्मी ईमानदारी और लगन से जनता की सेवा करते हैं, उन्हें समाज की ओर से सम्मान मिलना चाहिए।

उन्होंने कहा कि सम्मान मिलने से पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ता है और वे और अधिक उत्साह के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि जसपुर पुलिस भविष्य में भी इसी तरह जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रहेगी।

कार्यक्रम के अंत में समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए नगर में शांति और भाईचारे का माहौल बनाए रखने के लिए पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *