मसूरी। उत्तराखंड के मसूरी क्षेत्र में घूमने आई गुरुग्राम की एक महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया है। महिला अपने पति के साथ धनोल्टी मार्ग स्थित एक होमस्टे में ठहरी हुई थी।
जानकारी के अनुसार, नवविवाहित दंपती 13 जून को दिल्ली से उत्तराखंड भ्रमण के लिए निकले थे। ऋषिकेश में कुछ समय बिताने के बाद दोनों 14 जून की रात करीब 11:30 बजे टिपरीधार क्षेत्र के एक होमस्टे में रुके थे। दोनों का विवाह 8 नवंबर 2025 को हुआ था।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पति ने पुलिस को बताया कि रात करीब 3:30 बजे दोनों सो गए थे। सोमवार सुबह जब उसकी नींद खुली तो पत्नी को कमरे के फर्श पर अचेत अवस्था में पाया। महिला के मुंह और नाक से खून निकल रहा था।
सूचना मिलने पर मसूरी पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची, जहां जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया गया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
जांच के दौरान कमरे से खून के निशान और शराब की दो खाली बोतलें भी बरामद हुई हैं। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि घटना से पहले शराब का सेवन किया गया था या नहीं।
फिलहाल पुलिस ने पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार करते हुए सभी संभावित पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।
