कलियर विधानसभा में फर्जी मतदाताओं का दावा, कांग्रेस विधायक ने उठाए गंभीर सवाल

रुड़की: कलियर विधानसभा सीट पर मतदाता सूची को लेकर नया विवाद सामने आया है। कांग्रेस विधायक हाजी फुरकान अहमद ने आरोप लगाया है कि मतदाता सूची में बड़ी संख्या में संदिग्ध प्रविष्टियां दर्ज की गई हैं। उन्होंने निर्वाचन विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

विधायक ने बताया कि बूथ संख्या-48 (शांतरशाह) की मतदाता सूची में एक जैसी जानकारियां कई मतदाताओं के नाम के साथ दर्ज हैं। उनके अनुसार, ‘रामदेव’ नाम को 100 से अधिक मतदाताओं के पिता के रूप में दर्ज किया गया है। साथ ही इन मतदाताओं के मकान नंबर भी शून्य दिखाए गए हैं।

हाजी फुरकान अहमद ने कहा कि इस तरह की प्रविष्टियां मतदाता सूची की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने निर्वाचन आयोग से मांग की कि प्रत्येक नाम का भौतिक सत्यापन कराया जाए ताकि केवल पात्र मतदाता ही मतदान कर सकें।

इस दौरान विधायक ने भाजपा सरकार की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई और बेरोजगारी से परेशान है, जबकि किसानों और युवाओं से किए गए वादे भी पूरे नहीं हुए हैं। उनका दावा है कि जनता अब बदलाव के मूड में है।

विधायक ने कहा कि आगामी चुनाव में कांग्रेस को प्रदेशभर में व्यापक समर्थन मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि कलियर विधानसभा की जनता इस बार भी उन्हें पहले से अधिक मतों के अंतर से जीत दिलाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *