खटीमा में डॉक्टरों के तबादले को लेकर बढ़ा विरोध, कांग्रेस बोली- मरीजों के साथ हो रहा अन्याय

ऊधम सिंह नगर: खटीमा नागरिक चिकित्सालय से सात डॉक्टरों के तबादले के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं ने सरकार के फैसले को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए नुकसानदायक बताते हुए इसे तुरंत वापस लेने की मांग की।

कांग्रेस का कहना है कि अस्पताल पहले से ही सीमित संसाधनों और डॉक्टरों की कमी से जूझ रहा है। ऐसे में एक साथ सात डॉक्टरों का तबादला होने से मरीजों की परेशानियां कई गुना बढ़ सकती हैं। इससे इलाज की व्यवस्था भी प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

प्रदर्शन में शामिल युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष नीरज कन्याल ने कहा कि सरकार को जनता की स्वास्थ्य सुविधाओं को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना जमीनी स्थिति का आकलन किए यह निर्णय लिया गया है।

वहीं पीसीसी सदस्य उमेश सिंह राठौड़ उर्फ बॉबी राठौर ने कहा कि यदि सरकार ने जनता की मांगों को नजरअंदाज किया तो कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक इस मुद्दे को उठाएगी। उन्होंने कहा कि मरीजों के हितों से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *