नियम तोड़ने वालों पर आरटीओ का शिकंजा, 12 हजार से ज्यादा वाहनों के चालान, 51 सीज

देहरादून: उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए परिवहन विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में आरटीओ प्रशासन ने विशेष अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के दौरान 12 हजार से अधिक वाहनों के चालान किए गए, जबकि 51 वाहनों को सीज किया गया।

आरटीओ प्रशासन के मुताबिक, चारधाम यात्रा मार्ग पर परिवहन टास्क फोर्स की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। यात्रा के लिए चिन्हित नौ प्रमुख रूटों पर विशेष प्रवर्तन दल तैनात किए गए हैं। इसके अलावा छह चेकपोस्टों पर यात्रा में शामिल होने वाले सभी व्यावसायिक वाहनों के ग्रीन कार्ड और ट्रिप कार्ड की अनिवार्य जांच की जा रही है।

विशेष चेकिंग अभियान के दौरान करीब 3,500 वाहनों के चालान किए गए। इनमें 1,000 उत्तराखंड और 2,500 बाहरी राज्यों के वाहन शामिल थे। दस्तावेजों की कमी, परमिट संबंधी अनियमितताओं और सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने पर 51 वाहनों को सीज भी किया गया।

चेकपोस्टों के अलावा परिवहन विभाग की एनफोर्समेंट टीम ने यात्रा मार्ग पर अलग से अभियान चलाते हुए 9,000 से अधिक वाहनों के चालान किए। इनमें 6,000 उत्तराखंड और 3,000 अन्य राज्यों के वाहन शामिल रहे। विभाग का कहना है कि अभियान लगातार जारी रहेगा।

आरटीओ प्रशासन का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है। विभाग ने सभी वाहन चालकों से यात्रा के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करने और आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *