रुड़की: हरिद्वार जिले में मानसून की पहली तेज बारिश कई परिवारों के लिए परेशानी का कारण बन गई। भगवानपुर क्षेत्र के खेड़ी शिकोहपुर गांव में लगातार हुई बारिश के चलते दो कच्चे मकान भरभराकर गिर गए। इस हादसे में लाखों रुपये का घरेलू सामान मलबे में दब गया, जबकि समय रहते परिवार के लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
हादसे में शमीम अंसारी और रफी कुरैशी के मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। शमीम अंसारी ने बताया कि कुछ महीनों बाद उनकी बेटी की शादी होनी थी और शादी के लिए खरीदा गया सामान भी मकान के मलबे में दबकर खराब हो गया। इससे परिवार पर आर्थिक संकट और गहरा गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश से कच्चे मकानों में रहने वाले लोगों के सामने रहने, खाने और सुरक्षित सोने तक की समस्या खड़ी हो गई है। कई परिवार अब अपने घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों की तलाश कर रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पड़ोसियों की सतर्कता के कारण दोनों परिवारों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया। यदि कुछ मिनट की भी देरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद गांव में भय का माहौल बना हुआ है।
घटना की सूचना मिलने पर प्रशासन हरकत में आया। एसडीएम भगवानपुर ने मौके का निरीक्षण कर प्रभावित परिवारों को सरकारी सहायता दिलाने के लिए रिपोर्ट तैयार करने का आश्वासन दिया है। ग्रामीणों ने जल्द राहत और मुआवजे की मांग की है।
