लगातार बारिश के बीच कद्दूखाल में भूस्खलन, प्रशासन की तत्परता से टला बड़ा हादसा

टिहरी गढ़वाल: लगातार हो रही बारिश के बीच टिहरी गढ़वाल जिले के कद्दूखाल क्षेत्र में बुधवार शाम भूस्खलन की घटना सामने आई। राष्ट्रीय राजमार्ग-707ए पर पहाड़ी का हिस्सा दरकने से दो रेस्टोरेंट खतरे की जद में आ गए। हालात को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल क्षेत्र को खाली कराकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया।

भूस्खलन से एक पुराना और खाली भवन भी क्षतिग्रस्त हुआ। घटना के तुरंत बाद जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आसपास के क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित की।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने बताया कि शुरुआती जांच में होटल निर्माण के लिए कराई गई खुदाई को भूस्खलन की प्रमुख वजह माना जा रहा है। लगातार बारिश के चलते कमजोर हुई पहाड़ी अचानक खिसक गई।

प्रशासन ने निर्माण कार्य की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यदि नियमों की अनदेखी या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों से अपील की है कि बारिश के दौरान भूस्खलन संभावित इलाकों में जाने से बचें और केवल प्रशासन द्वारा सुरक्षित घोषित मार्गों का ही उपयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *