नैनीताल: सरोवर नगरी नैनीताल इन दिनों घने कोहरे और रिमझिम बारिश की चादर में लिपटी हुई है। मौसम की यही खूबसूरती पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। ठंडी हवाओं और बादलों के बीच पर्यटक शहर के प्राकृतिक नजारों का आनंद लेने पहुंच रहे हैं।
सुबह के समय दृश्यता काफी कम रही। सड़क पर चलने वाले वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर यात्रा करनी पड़ी। बावजूद इसके शहर में पर्यटन गतिविधियां सामान्य रूप से चलती रहीं।
नैनी झील में नौकाविहार करने पहुंचे पर्यटकों ने बारिश के बीच यादगार पल बिताए। कई पर्यटक झील के किनारे फोटोग्राफी और प्राकृतिक दृश्यों का आनंद लेते भी दिखाई दिए।
बारिश का असर स्थानीय व्यापार पर भी देखने को मिला। फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले व्यापारियों को ग्राहकों की कमी के कारण नुकसान उठाना पड़ रहा है, जबकि गर्म कपड़ों की दुकानों पर अच्छी भीड़ देखी जा रही है।
उत्तराखंड मौसम विभाग ने आने वाले दो दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना जताई है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों से सुरक्षित यात्रा करने और मौसम संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।
