लंढौरा में अवैध अस्पतालों पर स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 5 अस्पताल किए सील

Roorkee के लंढौरा क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग ने अवैध रूप से संचालित अस्पतालों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए पांच अस्पतालों को सील कर दिया। जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण किया, जिससे अस्पताल संचालकों में हड़कंप मच गया।

छापेमारी के दौरान भारत हेल्थ केयर, सुपर हेल्थ केयर, निर्मला मैटरनिटी होम, ग्लोबल मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल और इंडियन नर्सिंग होम में कई गंभीर खामियां पाई गईं। जांच में सामने आया कि अस्पतालों में न तो योग्य डॉक्टर मौजूद थे और न ही प्रशिक्षित पैरामेडिकल स्टाफ। बिना डिग्री वाले लोग मरीजों का इलाज कर रहे थे और डिलीवरी तक कराई जा रही थी।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मेडिकल वेस्ट निस्तारण और फायर सेफ्टी नियमों के उल्लंघन को भी गंभीर माना है। अधिकारियों ने बताया कि लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा। विभाग ने संबंधित अस्पतालों पर आर्थिक दंड लगाने के साथ-साथ उनके पंजीकरण निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *