हरिद्वार में नगर निगम प्रशासन की कथित लापरवाही से नाराज कांग्रेस पार्षदों ने नगर निगम कार्यालय में जमकर हंगामा किया। पार्षदों के विरोध के चलते ऑफिस में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, कई वार्डों के पार्षद लंबे समय से अपने क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग कर रहे थे। लेकिन नगर निगम प्रशासन द्वारा इस मांग पर लगातार हीलाहवाली किए जाने का आरोप लगाया जा रहा है।
इसी से नाराज होकर कांग्रेस पार्षद एकजुट होकर नगर निगम कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों व कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए। स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब पार्षदों ने कार्यालय के एक अनुभाग पर ताला जड़ दिया, जिससे कामकाज भी प्रभावित हुआ।
पार्षदों का आरोप है कि जब वे अपनी समस्या लेकर नगर निगम कार्यालय पहुंचे, तो वहां मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनकी बात सुनने से इनकार कर दिया और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही नगर निगम परिसर में हड़कंप मच गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए उप नगर आयुक्त मौके पर पहुंचे और हस्तक्षेप कर मामले को शांत कराया।
फिलहाल प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जांच की बात कही जा रही है, जबकि पार्षदों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।
