सरोवर नगरी नैनीताल इन दिनों पर्यटकों की चहल-पहल से पूरी तरह गुलजार नजर आ रही है। वीकेंड समाप्त होने के बावजूद शहर में पर्यटकों की आमद लगातार बनी हुई है। मैदानी क्षेत्रों में पड़ रही भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में लोग नैनीताल पहुंच रहे हैं और यहां के सुहावने मौसम का आनंद ले रहे हैं।
नैनी झील में नौकायन करने के लिए पर्यटकों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। वहीं माल रोड, स्नो व्यू और अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी दिनभर रौनक बनी हुई है। शहर के होटल, रेस्तरां और पार्किंग स्थल भी पर्यटकों से भरे हुए दिखाई दे रहे हैं।
विश्व प्रसिद्ध मां नयना देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। दर्शन के बाद पर्यटक नैनीताल की खूबसूरत वादियों और झील के मनोरम दृश्यों को अपने कैमरों में कैद कर रहे हैं।
स्थानीय पर्यटन व्यवसायियों का कहना है कि मौसम अनुकूल रहने के कारण आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है, जिससे पर्यटन कारोबार को भी मजबूती मिल रही है।
