रुड़की: ढंडेरा फाटक के पास रेलवे ट्रैक के निकट 21 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान सहारनपुर निवासी उमर हमजा के रूप में हुई है, जो रुड़की के सुनहरा रोड स्थित एक फैक्ट्री में काम करता था। घटना के बाद परिजनों ने युवक की मौत को संदिग्ध बताते हुए गहन जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, उमर हमजा शनिवार को सहारनपुर से रुड़की लौट रहा था। दोपहर करीब एक बजे ट्रेन में बैठने के बाद उसका परिवार से संपर्क नहीं हो पाया। परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
इसके बाद ढंडेरा फाटक के पास रेलवे ट्रैक के किनारे एक युवक का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। जांच के दौरान शव की पहचान उमर हमजा के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया।
मृतक के परिजनों का कहना है कि उमर को रुड़की रेलवे स्टेशन पर उतरना था, लेकिन उसका शव कई किलोमीटर दूर मिला है। ऐसे में घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
