उत्तराखंड में निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत मतदाता सूची को अपडेट करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। 8 जून से 7 जुलाई तक BLO घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी एकत्र करेंगे।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि इस दौरान प्रत्येक मतदाता को गणना फॉर्म दिया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति पहली बार में उपलब्ध नहीं होता है, तो अधिकारी दोबारा और जरूरत पड़ने पर तीसरी बार भी विजिट करेंगे।
मतदाताओं की सुविधा के लिए ECI ने “Book a Call with BLO” फीचर भी शुरू किया है। इस सुविधा के जरिए लोग ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से BLO से कॉल बुक कर सकते हैं और अपनी समस्याओं का समाधान पा सकते हैं।
निर्वाचन विभाग का कहना है कि इस अभियान के माध्यम से मतदाता सूची को पूरी तरह पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाया जाएगा। नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
