नैनीताल में बारिश का रौद्र रूप: ठप हुई रफ्तार, ठंड बढ़ी, लोगों की मुश्किलें बढ़ीं

नैनीताल: उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नैनीताल में देर रात से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन की रफ्तार को थाम दिया है। तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ हो रही वर्षा से लोगों को दैनिक कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बारिश के कारण शहर की सड़कें सुनसान दिखाई दे रही हैं और कई क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क एवं संचार सेवाएं प्रभावित हुई हैं। ग्रामीण इलाकों में कुछ सड़क मार्ग बंद होने की सूचना है, जबकि विद्युत आपूर्ति भी कई स्थानों पर बाधित हुई है।

लगातार बारिश से मौसम में ठंडक बढ़ गई है। पर्यटक और स्थानीय निवासी गर्म कपड़ों में नजर आ रहे हैं। उधर, नालों और गधेरों में जलस्तर बढ़ने से सतर्कता बरती जा रही है। नालियों के जाम होने से गंदे पानी के झील में जाने की समस्या भी सामने आ रही है।

पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाओं की सूचनाएं मिल रही हैं, लेकिन राहत की बात यह है कि किसी प्रकार की जनहानि की खबर नहीं है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *