हरियाणा के पूर्व राज्यमंत्री करतार सिंह भड़ाना द्वारा की गई एक पहल इन दिनों क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। उनके सौजन्य से मंगलौर के विभिन्न मोहल्लों से चार बसों में श्रद्धालुओं को अजमेर शरीफ की जियारत के लिए रवाना किया गया।
बसों के रवाना होने से पहले मंडावली स्थित कार्यालय परिसर में एक संक्षिप्त कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां कुलदीप सिंह ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और जायरीन मौजूद रहे।
यात्रा पर जा रहे लोगों ने कहा कि करतार सिंह भड़ाना हमेशा समाज के सभी वर्गों के लोगों की मदद के लिए आगे रहते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्य समाज में प्रेम, भाईचारे और आपसी सद्भाव को मजबूत करते हैं।
क्षेत्रवासियों के अनुसार, भड़ाना की यह पहल केवल धार्मिक यात्रा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज को जोड़ने और लोगों की भावनाओं का सम्मान करने का एक सकारात्मक प्रयास भी है। लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इस प्रकार की जनहितकारी पहल जारी रहेंगी।
अजमेर शरीफ के लिए रवाना हुए श्रद्धालुओं ने अपनी यात्रा के दौरान देश में सुख, शांति और समृद्धि की दुआ करने की बात कही।
