रुड़की: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को रुड़की पहुंचे, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। भाजपा कार्यालय में बड़ी संख्या में पदाधिकारी और समर्थक पहले से मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने सबसे पहले भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण किया। इस अवसर पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी कार्यक्रम में भाग लिया तथा विभिन्न सामाजिक विषयों पर प्रधानमंत्री के विचारों को सुना।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे होटल सेंट्रम में आयोजित ‘युवा शक्ति संवाद’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस संवाद कार्यक्रम में युवाओं से सीधा संवाद करते हुए राज्य के विकास, रोजगार और युवा सशक्तिकरण से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी।
इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर 3 बजे एचआरडीए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क हैं। कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं ताकि सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकें।
